जिले में हो रही पशुओं की गणना

नारायणपुर। 21वीं राष्ट्रीय पशु संगणना कार्यक्रम अंतर्गत नारायणपुर जिले में पालतू पशुओं की गणना की जा रही है। कलेक्टर बिपिन मांझी के मार्गदर्शन में एक नोडल अधिकारी, 04 सुपरवाइजर एवं 20 प्रगणकों के द्वारा डिजिटल प्रारुप में गोवाईल अप्लीकेशन के माध्यम से घर घर जाकर प्रत्येक परिवार का सर्वेक्षण किया जा रहा है। पशुधन विकास विभाग के उपसंचालक डॉ. आर. के पडोटी ने बताया कि पशुपालन संबंधी योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में पशुओं की गणना अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होती है तथा इस जानकारी का उपयोग विभिन्न कल्याणकारी कार्यकमों जैसे टीकाकरण, नस्ल संवर्धन में भी होता है। पशु संगणना कार्यकम में इस बार गौवंशी, भैंसवंशी, बकरीवंशी, सूकर, उंट, घोड़ा, गधा, टट्टू, खच्चर, खरगोश, कुत्ता, मुर्गी, बतख, टर्की, बटेर, गिनी फाउल, की नस्लवार गणना की जा रही है। इसके अतिरिक्त पशुपालन में उपयोग होने वाली मशीनरी जैसे मिल्किंग मशीन, बेलर मशीन, चाफ कटर, इंक्यूवेटर इत्यादि की गणना भी की जा रही है। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्यक्रम को पूरा करने फरवरी 2025 का लक्ष्य तय किया गया है। पशुधन विकास विभाग द्वारा जिले के समस्त नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि सर्वेक्षण कार्य में लगे प्रगणकों को अपने पशुओं की सही एवं सटीक जानकारी देकर इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *