टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा की बढ़ी मुश्किलें, लाखों के फ्रॉड केस में जारी हुआ अरेस्ट वारंट

रॉबिन उथप्पा के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किया गया है। 39 वर्षीय बल्लेबाज के ऊपर प्रोविडेंट फंड घोटाले का आरोप लगा है।

बेंगलुरु। टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। रॉबिन उथप्पा के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किया गया है। 39 वर्षीय बल्लेबाज के ऊपर प्रोविडेंट फंड घोटाले का आरोप लगा है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस किसी भी वक्त उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।

उथप्पा के खिलाफ यह वारंट क्षेत्रीय पीएफ आयुक्त सदाक्षरी गोपाल रेड्डी ने जारी किया है। रेड्डी की तरफ से जारी किए गए वारंट के बाद पुलकेशिनगर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया गया है। यह मामला 23.36 लाख रुपये से संबंधित है जिसे कथित तौर पर कर्मचारी के खातों में जमा नहीं किया गया। 

दरअसल रॉबिन उथप्पा सेंचुरीज लाइफस्टाइल ब्रांड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में हिस्सेदार हैं और मैनेजमेंट का काम उनके जिम्मे हैं। उथप्पा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त शदाक्षरा गोपाल रेड्डी द्वारा जारी किया गया है। 

कंपनी के कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि हर महीने कंपनी की तरफ से पीएफ के पैसे काटे गए, लेकिन ये उनके पीएफ अकाउंट में जमा ही नहीं किए गए हैं। यह पूरी रकम 23 लाख बताई जा रही है। ऐसे में उथप्पा पर अब धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है।

इस मामले को लेकर फिलहाल उथप्पा की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उथप्पा के खिलाफ यह मामला चार दिसंबर को दर्ज कराया गया था। उथप्पा भारतीय टीम के अहम सदस्य रहे हैं और उन्होंने 2022 में क्रिकेट के सभी प्रारूप से संन्यास ले लिया था। उथप्पा ने भारत के लिए 46 वनडे और 13 टी20 मैच खेले हैं। उथप्पा 2007 टी20 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य थे। इसके अलावा उथप्पा आईपीएल टीमों का हिस्सा भी रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *