भीषण गर्मी का प्रकोप: 6 राज्यों में लू का अलर्ट, बठिंडा देश का सबसे गर्म शहर

Severe heat wave: Heat wave alert in 6 states, Bathinda is the hottest city in the country

दिल्ली। देशभर में गर्मी ने कहर बरपा रखा है। बीते सात दिनों में तापमान में 8 से 13 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार को पंजाब का बठिंडा 47.6°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं हरियाणा के सिरसा में पारा 46.2°C तक पहुंच गया।

राजस्थान में श्रीगंगानगर (47.4°C), कोटा (46.3°C) और बीकानेर (46°C) समेत कई शहरों में लू का असर देखा गया। दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.8°C रहा, लेकिन गर्मी का एहसास 47°C जैसा था। मौसम विभाग ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में लू का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में आज तापमान 45°C तक जा सकता है।

मध्य प्रदेश में नौगांव सबसे गर्म

मध्य प्रदेश के 28 शहरों में पारा 40°C पार है, नौगांव में सबसे अधिक 46.1°C दर्ज हुआ। ग्वालियर सहित 15 जिलों में लू का अलर्ट है। उत्तर प्रदेश के झांसी (45.2°C) और आगरा (45.1°C) में भीषण गर्मी दर्ज की गई। 17 जिलों में लू का अलर्ट है। राजस्थान में आज से 14 जून तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है। 12 शहरों में पारा 44°C पार और दो जिलों में रेड अलर्ट जारी है।

बिहार में बारिश-हवा का अलर्ट

वहीं बिहार के 19 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट है, जबकि दक्षिण बिहार के हिस्से हीटवेव की चपेट में हैं। हिमाचल प्रदेश में भी मैदानी क्षेत्रों में लू का अलर्ट है, ऊना में तापमान 44.2°C पहुंचा। देश के कई राज्यों में गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं केरल, बिहार और झारखंड में आंशिक राहत की संभावना जताई गई है।