
- कृषि समृद्धि में किसान को तीन लाख तक का कृषि कर्ज माफ
- राहुल ने झारखंड के बाघमारा में चुनावी रैली में मोदी को घेरा
नयी दिल्ली/धनबाद। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कांग्रेस की योजनाओं को लेकर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह वाले वादों से मुक्त कर स्वाभिमान से जीने का रास्ता बताएगी। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया, जुलाई 2022 में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस की जनहित योजनाओं को ‘फ्री की रेवड़ी’ कहकर देश को गुमराह किया। कांग्रेस की गारंटियों पर अपनी पर्ची चिपका कर वे देश में और हर प्रदेश में चुनाव प्रचार कर रहे हैं और फिर कांग्रेस पर ही वादे पूरे न करने का मनगढ़ंत आरोप लगाते हैं। मोदी जी हमारी चुनौती है, कर्नाटक आइए और घूम-घूम कर देखिए, पड़ताल कीजिए – हमने हर वादा पूरा किया है।
उन्होंने कहा, कर्नाटक में कांग्रेस की योजनाओं ने करोड़ों महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों की तकदीर बदल दी है। तेलंगाना और हिमाचल में भी हमने वादे पूरे किए हैं और अब महाराष्ट्र में भी इंडिया समूह अपनी पांच गारंटियों से बड़े बदलाव लाने जा रहा है जिनमें महालक्ष्मी में महिलाओं को हर माह 3,000 रुपए और फ्रÞी बस सेवा दी जाएगी जाति जनगणना और आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा को खतना करेंगे। राहुल ने कहा, कुटुंब रक्षण में 25 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा होगा और मुफ़्त दवा दी जायेगी। कृषि समृद्धि में किसान को तीन लाख तक का कृषि कर्ज़ माफ, नियमित चुकाने पर 50,000 ,रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। बेरोजगार युवाओं को 4,000 रुपये माह की मदद देंगे जिससे इन योजनाओं से लोगों को भाजपा कृत महंगाई और बेरोजगारी से लड़ने की ताकत मिलेगी – उनका जीवन स्तर सुधरेगा – अच्छी शिक्षा और पोषण तक उनकी पहुंच बढ़ेगी।
उन्होने कहा, मैं ये इतने विश्वास से कह रहा हूं, क्योंकि यह आजमाया और परखा हुआ है। आज कर्नाटक में 1.21 करोड़ महिलाएं कांग्रेस की महालक्ष्मी योजना से फायदा पा रही हैं। इंडिया समूह की पांच गारंटी महाराष्ट्र के हर वर्ग को अन्याय के चक्रव्यूह से मुक्त कर स्वाभिमान से जीने का रास्ता देगी। दूसरी तरफ झारखंड में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राहुल गांधी दो दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं। इसी बीच शनिवार को राहुल गांधी ने धनबाद के बाघमारा में एक चुनावी रैली की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो आपके नहीं हैं, वो उनके (अंबानी) हैं। बाघमारा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि एक बार मैने देखा कि नरेन्द्र मोदी तार के पीछे खड़े कुछ गरीब बच्चों से झिझक कर मिल रहे थे। हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री किसानों, गरीबों, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के पास नहीं जाते हैं। वो कभी किसी ग्रीन के यहां शादी में नहीं गए लेकिन अंबानी की शादी में चले गए। इससे साफ पता चलता है कि वो आपके नहीं है, वो उनके (अंबानी) हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि आज देश मे करीब 50 प्रतिशत ओबीसी, 14 प्रतिशत दलित, 8 प्रतिशत दलित और 15 प्रतिशत अल्पसंख्यक हैं लेकिन देश की बड़ी-बड़ी कंपनियों के मैनेजमेंट में आपको आदिवासी या दलित वर्ग का कोई भी व्यक्ति नहीं मिलेगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज की सच्चाई यह है कि हिंदुस्तान में युवा और महिलाएं दुखी हैं। मोदी जी सिर्फ बड़े-बड़े भाषण करते हैं, करते कुछ नहीं। उन्होंने जीएसटी व्यवस्था को गरीबों से पैसा लेने वाला करार देते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी ने हर चीज पर जीएसटी जोड़ दिया है। टैक्स का पूरा ढांचा देश के गरीब लोगों से रुपये लेने का तरीका भर है। इस दौरान राहुल गांधी ने बाघमारा से कांग्रेस प्रत्याशी जलेश्वर महतो के पक्ष में वोट मांगे।
