राजस्थान: गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री भंवरलाल मेघवाल का निधन, गुरुग्राम के मेदांता में ली आखिरी सांस
जयपुर। राजस्थान में गहलोत सरकार के कैबिनेट मंत्री भंवरलाल मेघवाल का सोमवार की शाम निधन हो गया। 72 साल के मेघवाल ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आखिरी सांस ली। मेघवाल राजस्थान में चूरू जिले की सुजानगढ़ सीट से विधायक थे।
वह कई बीमारियों से जूझ रहे थे। 18 दिन पहले यानी 29 अक्टूबर को ही उनकी बेटी बनारसी मेघवाल की भी मौत हुई थी। भंवरलाल की तबियत 13 अप्रैल को खराब हुई थी। उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था। शुरूआत में उन्हें जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालात में सुधार न होने पर 13 मई को उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया।
सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर मेघवाल के निधन पर शोक जताया है। भंवरलाल के पास फिलहाल सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और आपदा प्रबंधन मंत्रालय था। वे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पिछली सरकार में भी शिक्षा मंत्री थे। भंवरलाल के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है।
मास्टर भंवरलाल का राजनीतिक कॅरियर 1977 से शुरू हुआ था। चूरू जिले के सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र से उन्होंने 10 बार चुनाव लड़ा। जिसमें 5 बार (1980, 90, 98, 2008 और 2018) जीत मिली।