हिमाचल में तापमान माइनस 2.6°, उत्तराखंड में बर्फबारी

The temperature in Himachal Pradesh is minus 2.6°, and there is snowfall in Uttarakhand.

दिल्ली। देश के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और बर्फबारी का असर जारी है। हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटे में ताबो सबसे सर्द इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 22 और 23 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मध्य व निचले इलाकों में बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड के चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचे इलाकों में शनिवार को बर्फबारी हुई। हेमकुंड साहिब और बद्रीनाथ धाम में भी बर्फ की चादर बिछ गई। इसके साथ ही राज्य के 6 जिलों में घने कोहरे की आशंका जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज समेत 50 से ज्यादा जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रही। लखनऊ एयरपोर्ट पर दुबई से आई फ्लाइट लैंड नहीं कर सकी और उसे दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है।

बिहार में मौसम विभाग ने 18 जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के 15 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। भागलपुर के सबौर में सबसे कम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली का AQI 444 रिकॉर्ड किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में है।

उधर, राजस्थान में 22 जनवरी से एक नया स्ट्रॉन्ग वेदर सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है, जिससे आधे से ज्यादा हिस्सों में बारिश और मावठ के आसार हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे से सतर्क रहने की सलाह दी है।