
मेटा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम में एक नया फीचर जोड़ने की तैयारी कर रही है, जो स्नैपचैट की तरह टेंपरेरी फोटो और वीडियो शेयरिंग पर आधारित होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फीचर का नाम “Instants” हो सकता है, जबकि कंपनी ने इसे इंटरनली “Shots” नाम दिया है। इसके लिए प्रोटोटाइप भी तैयार कर लिया गया है और कुछ देशों में इसकी टेस्टिंग की जा रही है।
इस फीचर की खास बात यह होगी कि यूजर डायरेक्ट मैसेज (DM) के जरिए फोटो और वीडियो भेज सकेंगे, जो सामने वाला व्यक्ति देखते ही अपने आप गायब हो जाएंगे। यदि रिसीवर 24 घंटे के भीतर कंटेंट ओपन नहीं करता है, तो वह अपने आप एक्सपायर हो जाएगा। साथ ही, इन्हें सेव करने का विकल्प भी उपलब्ध नहीं होगा।
यह सुविधा केवल उन यूजर्स के बीच काम करेगी जो एक-दूसरे को फॉलो करते हैं। यानी आप सिर्फ अपने दोस्तों या म्यूचुअल फॉलोअर्स के साथ ही इस तरह की टेंपरेरी फोटो-वीडियो शेयर कर पाएंगे। खास बात यह भी है कि इन फोटो को भेजने से पहले एडिट करने का ऑप्शन नहीं मिलेगा, जिससे यह फीचर अधिक नैचुरल और स्पॉनटेनियस रहेगा।
हालांकि इंस्टाग्राम पर पहले से वैनिश मोड, व्यू वन्स और ऑटो-डिलीट जैसे फीचर्स मौजूद हैं, लेकिन नया फीचर इन्हें और ज्यादा सरल और प्रभावी तरीके से पेश करेगा। माना जा रहा है कि मेटा टेंपरेरी और प्राइवेट शेयरिंग को इंस्टाग्राम का अहम हिस्सा बनाने की दिशा में काम कर रही है।
