एप्पल ने Airtag के अपग्रेड वर्जन को किया लॉन्च..पहले से ज़्यादा खूबी

एप्पल ने 2021 में AirTag को पहली बार लॉन्च किया था और तब से इसके नए वर्जन का इंतजार किया जा रहा था। भले ही नए AirTag का नाम और डिजाइन पहले जैसा ही रखा गया है, लेकिन इसके फीचर्स में कई अहम अपग्रेड किए गए हैं, जो इसे पहले से कहीं ज्यादा पावरफुल बनाते हैं।

नए AirTag में iPhone 17 सीरीज में इस्तेमाल की गई अल्ट्रा वाइडबैंड (UWB) चिप दी गई है। इसके साथ ही ब्लूटूथ चिप को भी अपग्रेड किया गया है। इन बदलावों का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब आप अपने गुम हुए सामान को पहले के मुकाबले ज्यादा दूरी से और ज्यादा सटीक तरीके से ढूंढ पाएंगे। इसमें प्रीसिजन फाइंडिंग गाइड भी मौजूद है, जो हैप्टिक, विजुअल और ऑडियो फीडबैक के जरिए यूजर को सही दिशा में गाइड करता है।

इसके अलावा नए AirTag में पहले से दोगुना बड़ा स्पीकर दिया गया है। एप्पल के मुताबिक, इस स्पीकर की मदद से अब साउंड ज्यादा तेज और दूर तक सुना जा सकेगा। खासकर एयरपोर्ट या भीड़भाड़ वाली जगहों पर यह फीचर काफी काम का साबित होगा।

सिक्योरिटी के मामले में भी एप्पल ने खास ध्यान दिया है। नए AirTag में अनवांटेड ट्रैकिंग को रोकने के लिए यूनिक ब्लूटूथ आइडेंटिफायर दिए गए हैं, जो समय-समय पर बदलते रहते हैं। साथ ही यूजर की लोकेशन प्राइवेसी को सुरक्षित रखने के लिए इसे खास तौर पर डिजाइन किया गया है।