कोल्हापुर में निर्माणाधीन इमारत का स्लैब गिरा, एक की मौत, पांच लोग घायल

Kolhapur accident, building slab collapses, fire station construction, one dead, five injured, people buried under debris, Phulewadi area, Kolhapur Municipal Corporation, Fire Department,

मुंबई। महाराष्ट्र के कोल्हापुर में मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। कोल्हापुर नगर निगम के निर्माणाधीन दमकल केंद्र की छत का स्लैब अचानक गिर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। घटना के समय ठेकेदार और मजदूर निर्माण कार्य में जुटे थे।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनीष रणबीसे ने बताया कि इमारत का काम अपने अंतिम चरण में था। स्लैब डाला जा रहा था, तभी अचानक उसका एक हिस्सा टूटकर गिर गया। इसमें ठेकेदार और मजदूर सहित छह लोग मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पांच लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन एक व्यक्ति की मौत हो गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज कुमार बच्चू ने बताया कि हादसा कोल्हापुर के फुलेवाड़ी इलाके में हुआ। मृतक की पहचान की जा रही है, वहीं घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है और यह देखा जा रहा है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा निर्माण स्थलों पर सुरक्षा उपायों की अनदेखी का एक और उदाहरण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा को गंभीरता से लेना जरूरी है।