गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक का कार्डियक अरेस्ट से निधन

Goa Agriculture Minister and former Chief Minister Ravi Naik dies of cardiac arrest

गोवा। गोवा के वरिष्ठ नेता और राज्य के कृषि मंत्री रवि नाइक का बुधवार को कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे। सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उनके पोंडा स्थित घर से एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर रखा गया है।

रवि नाइक ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत पोंडा नगर परिषद के पार्षद के रूप में की थी। 1984 में उन्होंने महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) के टिकट पर पहली बार पोंडा से विधायक का चुनाव जीता। वर्ष 1991 में वे पहली बार गोवा के मुख्यमंत्री बने और लगभग 28 महीने तक पद पर रहे। बाद में 2 अप्रैल 1994 को दूसरी बार मुख्यमंत्री बने, हालांकि यह कार्यकाल केवल छह दिन का रहा।

राजनीतिक सफर में रवि नाइक कई बार पार्टी बदलते रहे। 1998 में वे कांग्रेस के टिकट पर उत्तर गोवा से सांसद बने, लेकिन 2000 में भाजपा में शामिल हो गए। 2002 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया। 2007 में कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उन्होंने पार्टी को सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई और गृह मंत्री भी बने।

साल 2021 में नाइक एक बार फिर भाजपा में लौटे और 2022 के विधानसभा चुनाव में पोंडा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में विजयी हुए। इसके बाद वे प्रमोद सावंत सरकार में कृषि मंत्री बने। उनके निधन से गोवा की राजनीति में एक युग का अंत हो गया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और कई नेताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।