दिल्ली। दीपावली की रात राजधानी में जमकर आतिशबाजी हुई। सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद लोगों ने देर रात तक पटाखे फोड़े, जिससे हवा जहरीली हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 400 पार पहुंचा। द्वारका में AQI 417, वजीरपुर में 423, अशोक विहार और आनंद विहार में 404 रिकॉर्ड हुआ। 38 में से 36 मॉनिटरिंग स्टेशन रेड जोन में पहुंचे।
दिल्ली सरकार ने GRAP-I लागू किया है। इसके तहत एंटी-स्मॉग गन, पानी का छिड़काव और निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं। पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. शरद जोशी ने लोगों से बाहर निकलते समय N95 या डबल सर्जिकल मास्क पहनने की सलाह दी है।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि क्लाउड सीडिंग यानी कृत्रिम बारिश की तैयारी पूरी है। मौसम विभाग से अनुमति मिलते ही चयनित इलाकों में कृत्रिम बारिश कराई जाएगी ताकि वायु गुणवत्ता में सुधार हो सके।
वहीं, विशेषज्ञों के अनुसार पराली जलाना भी प्रदूषण का बड़ा कारण है। हरियाणा और पंजाब में पराली जलाने से धुआं दिल्ली की हवा में मिल रहा है। NGT ने 2015 से पराली जलाने पर प्रतिबंध लगाया है, जबकि CAQM अधिनियम 2021 के तहत नियमों का उल्लंघन करने पर 5,000 से 30,000 रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है।
The post दिल्ली में AQI 400 पार, आतिशबाजी से बढ़ा प्रदूषण; 38 में से 36 स्टेशन रेड जोन में appeared first on News Slots.
