नए साल में बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की होगी नियुक्ति, इससे पहले संगठन में चुनाव

दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी में जल्द ही प्रदेश स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर में नए पदाधिकारी होंगे। बीजेपी को नए साल में नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलेगा। नए साल में देश के 7 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष भी चुने जाएंगे। हालांकि इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए पार्टी के संविधान के मुताबिक इससे पहले 50 प्रतिशत राज्यों में संगठन के चुनाव पूरे कराने हैं।

संगठन चुनाव को लेकर रविवार को दिल्ली में पार्टी की बैठक हुई। बैठक के बाद लद्दाख भाजपा महासचिव पीटी कुंजांग ने बताया, कि 15 जनवरी, 2025 तक राज्य और जिला अध्यक्षों के चुनाव पूरे होने हैं। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी और जनवरी अंत तक भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।

इन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी बदले जाएंगे
  • मध्य प्रदेश
  • महाराष्ट्र
  • उत्तर प्रदेश
  • गुजरात
  • पश्चिम बंगाल
  • जम्मू-कश्मीर
  • झारखंड  
लोकसभा-विधानसभा चुनाव के चलते नड्डा का कार्यकाल बढ़ा

जेपी नड्डा को जून, 2019 में पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष और जनवरी, 2020 में पूर्णकालिक अध्यक्ष बनाया गया था। पार्टी अध्यक्ष का कार्यकाल 3 साल का होता है। इस लिहाज से नड्डा का कार्यकाल 2023 में खत्म हो चुका है। लोकसभा और विधानसभा चुनावों को देखते हुए उनका कार्यकाल बढ़ाया गया था।