
नई दिल्ली। देश के दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन को एक महीना हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अवसर पर उनको याद करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने अपने ब्लॉग में आज एक आलेख लिखा है, जिसमें उन्होंने अपने व्यक्तिगत संबंध और रतन टाटा के नेशन फर्स्ट भावना के साथ काम करने के तरीकों की तारीफ की है और उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस आलेख में रतन टाटा के असाधारण जीवन और कार्यों की चर्चा की है। प्रधानमंत्री ने लिखा कि आज रतन टाटा जी के निधन को एक महीना हो रहा है। पिछले महीने आज के ही दिन जब मुझे उनके गुजरने की खबर मिली तो मैं उस समय आसियान समिट के लिए निकलने की तैयारी में था।
रतन टाटा जी के हमसे दूर चले जाने की वेदना अब भी मन में है। इस पीड़ा को भुला पाना आसान नहीं है। रतन टाटा के तौर पर भारत ने अपने एक महान सपूत को खो दिया है…एक अमूल्य रत्न को खो दिया है।
