प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक लोकप्रियता पर मुख्यमंत्री साय ने जताया गर्व, कहा- देशवासियों के लिए गौरव का क्षण

Chief Minister Sai expressed pride in the global popularity of Prime Minister Modi, said - a moment of pride for the countrymen

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “Morning Consult Global Leader Approval Rating Tracker” में दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में शीर्ष स्थान मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस उपलब्धि को देश के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बताया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीतियों, सशक्त नेतृत्व और राष्ट्रहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सितंबर 2021 से लगातार इस रेटिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं, जो उनकी अडिग नेतृत्व क्षमता और वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत छवि का प्रमाण है।

सीएम साय ने कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे भारत की उपलब्धि है। यह दर्शाता है कि आज भारत वैश्विक मंच पर शांति, विकास और मानवता की आवाज बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह नेतृत्व न केवल भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है, बल्कि विश्व व्यवस्था को भी सकारात्मक दिशा दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा, मजबूत कूटनीति और जनता से सीधे जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने इस उपलब्धि को देशवासियों के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि भारत का भविष्य प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित और उज्ज्वल है।