बाजार में भीषण आग, 400 से ज्यादा दुकानें जलकर खाक

Massive fire in the market, more than 400 shops burnt to ashes

कोलकाता। कोलकाता के दक्षिण-पश्चिम इलाके खिदिरपुर के भीड़भाड़ वाले बाजार में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। आग से 400 से ज्यादा दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही कोई व्यक्ति लापता है।

पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, आग पर काबू पाने के लिए 20 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। राज्य के अग्निशमन मंत्री सुजीत बोस ने बताया कि आग पर अब काबू पा लिया गया है, लेकिन कुछ जगहों पर अब भी हल्की आग सुलग रही है। दमकल कर्मी बाजार के विभिन्न हिस्सों में ठंडा करने का काम कर रहे हैं ताकि आग दोबारा न भड़के।

मंत्री ने बताया कि खिदिरपुर बाजार बहुत पुराना और संकरी गलियों वाला क्षेत्र है, जिससे शुरुआती समय में दमकल गाड़ियों को अंदर घुसने में परेशानी हुई। कई दुकानें टिन की छतों से बनी थीं, जो जल्दी आग की चपेट में आ गईं। घटना के कारण बाजार में अफरा-तफरी मच गई और व्यापारियों को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा।