भारत आने वाली दो इंटरनेशनल फ्लाइट्स को बीच रास्ते से लौटना पड़ा, लखनऊ में लैंडिंग के दौरान प्लेन से निकली चिनगारी

Two international flights coming to India had to return mid-way, sparks came out of the plane during landing in Lucknow

दिल्ली। भारत आने वाली दो इंटरनेशनल बोइंग ड्रीमलाइनर फ्लाइट्स को रविवार को आपात स्थिति में टेकऑफ एयरपोर्ट पर लौटना पड़ा। पहली फ्लाइट ब्रिटिश एयरवेज की लंदन से चेन्नई आ रही थी, जिसे तकनीकी खराबी के चलते हीथ्रो एयरपोर्ट लौटाया गया। वहीं, जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही लुफ्थांसा एयरलाइन की फ्लाइट को बम की धमकी के बाद वापस भेजा गया।

ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट तकनीकी कारणों से लौटी

चेन्नई पहुंचने वाली BA35 फ्लाइट में फ्लैप फेलियर की तकनीकी खराबी पाई गई। फ्लाइट ने डोवर के पास चक्कर लगाया और करीब दो घंटे हवा में रहने के बाद लंदन लौट गई। इसे 12:40 बजे उड़ान भरनी थी और 3:30 बजे चेन्नई पहुंचना था।

लुफ्थांसा फ्लाइट को बम की धमकी

फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही LH752 फ्लाइट को बम की धमकी के चलते भारत में लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई। हैदराबाद एयरपोर्ट को 15 जून की शाम को धमकी भरा ईमेल मिला था। सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को फ्रैंकफर्ट वापस भेजा गया।

लखनऊ में सऊदी फ्लाइट से निकली चिनगारी

रविवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर सऊदी एयरलाइंस की SV-3112 फ्लाइट की लैंडिंग के समय पहिए से चिनगारी और धुआं निकलता दिखा। विमान में 250 हज यात्री सवार थे। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित रोक दिया। एयरपोर्ट की फायर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया।