मुर्मू ने श्री जगन्नाथ मंदिर पुरी में पूजा-अर्चना की

भुवनेश्वर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के अपने पांच दिवसीय दौरे के दूसरे दिन बुधवार को पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के दर्शन किये। राष्ट्रपति  ने पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन किये और पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से सभी की खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

दर्शन के बाद राष्ट्रपति ने संवाददाताओं से कहा, मैंने भगवान जगन्नाथ के समक्ष राज्य और देश भर के सभी नागरिकों की खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उनके यहां पहुंचने पर, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी और उपमुख्यमंत्री पार्वती परीदा उनके साथ ग्रैंड रोड (बड़ा डांडा) से होते हुए श्रीमंदिर तक पैदल गए। राष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए सड़क के किनारे बड़ी संख्या में लोग एकत्रित थे।

मंदिर में दर्शन करने के बाद  राष्ट्रपति पुरी में गोपबंधु आयुर्वेद महाविद्यालय की 75वीं वर्षगांठ के समारोह में शामिल हुईं। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से आयुर्वेद के अनछुए पहलुओं पर शोध करने का आग्रह किया और कहा कि शोध से इस प्राचीन चिकित्सा पद्धति की पहचान दुनिया भर में बढ़ेगी। कार्यक्रम के अनुसार, वह अपराह्न में पुरी के ब्लू फ्लैग बीच पर नौसेना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *