रायपुर। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता शाहरुख खान को फोन पर धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस ने रायपुर के वकील फैजान खान को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, आज उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा, और उनके खिलाफ गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। मुंबई पुलिस उन्हें रायपुर से मुंबई ले जाकर धमकी भरे फोन कॉल के मामले में विस्तृत पूछताछ करेगी।
50 लाख रुपये की मांग
5 अक्टूबर को बांद्रा पुलिस स्टेशन में एक धमकी भरा कॉल आया, जिसमें शाहरुख खान से 50 लाख रुपये की मांग की गई थी। कॉल में धमकी दी गई कि यदि पैसे नहीं दिए गए, तो जान का खतरा हो सकता है। पुलिस जांच में यह सामने आया कि कॉल रायपुर के फैजान खान के नाम से रजिस्टर्ड एक नंबर से किया गया था। हालांकि, फैजान का दावा है कि उनका मोबाइल फोन 2 अक्टूबर को खो गया था, और इसकी शिकायत उन्होंने स्थानीय थाने में दर्ज कराई थी।
रायपुर में दो घंटे पूछताछ:
मामले की गंभीरता को देखते हुए, मुंबई पुलिस ने फैजान के फोन नंबर का ट्रेस किया। बांद्रा पुलिस ने 5 नवंबर को इस फिरौती कॉल की जानकारी साझा की थी। इसके बाद मुंबई पुलिस के दो अधिकारी रायपुर पहुंचे और पंडरी थाने में फैजान से लगभग दो घंटे तक पूछताछ की। रायपुर पुलिस ने जानकारी दी है कि फैजान को 14 नवंबर को मुंबई बुलाया गया है।
फैजान का पक्ष:
रायपुर के मोवा इलाके में रहने वाले फैजान खान का कहना है कि उनका कीपैड मोबाइल 2 अक्टूबर को खम्हारडीह क्षेत्र में चोरी हो गया था, जिसकी शिकायत उन्होंने थाने में की थी। उन्होंने शाहरुख खान को धमकी देने के आरोपों का खंडन किया है और दावा किया है कि वह इस मामले में निर्दोष हैं।
छत्तीसगढ़ पुलिस के सिविल लाइंस सीएसपी अजय कुमार के अनुसार, इस मामले में फिलहाल छत्तीसगढ़ पुलिस ने फैजान से कोई पूछताछ नहीं की है। बांद्रा पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 308 (4) और 351 (3)(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।
