शीतकालीन सत्र: हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित

नई दिल्ली: संसद के शीतकालीन सत्र का आज 10वां दिन है. संसद में सरकार और विपक्ष के बीच सत्र की शुरुआत से ही गतिरोधन बना हुआ है. उद्योगपति अडाणी और यूपी के संभल के मामले को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है. वहीं, राज्यसभा में नोटों की गड्डी के मुद्दे को लेकर विपक्ष ने आवाज उठायी. इन्हीं सब मुद्दों को लेकर आज भी सदन में हंगामे के आसार हैं.

 

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही 12 बजे तक के लिए स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों के सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों से सदन की गरिमा बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल का समय सबसे महत्वपूर्ण होता है. उनके अनुरोध के बाद भी हंगामा शांत नहीं हुआ. इसके बाद सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.

 

सोनिया गांधी और राहुल गांधी देशद्रोह करते हैं: गिरिराज सिंह

जॉर्ज सोरोस के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ तीखी टिप्पणी की. गिरिराज सिंह ने कहा, ‘सोनिया गांधी और राहुल गांधी देशद्रोह करते हैं. जॉर्ज सोरोस के साथ मिलकर राहुल गांधी जॉर्ज सोरोस की भाषा बोलते हैं. जॉर्ज सोरोस पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों को फंड देते हैं. सोनिया गांधी और राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए. राहुल गांधी ‘टुकड़े-टुकड़े’ गैंग के नेता हैं.’

 

आरजेडी सांसद मनोज झा ने केंद्रीय मंत्री रिजिजू की टिप्पणी पर किया पलटवार

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की टिप्पणी पर आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, ‘जब सरकार और उसका शीर्ष नेतृत्व साजिश के सिद्धांतों पर गौर करना शुरू करता है, तो इसका मतलब है कि कुछ ऐसा है जिसे वे छिपाना चाहते हैं. आप सरकार में हैं, चीजों की जांच करवाएं.

 

जॉर्ज सोरोस से जुड़े कई लोग हैं जो भारत के खिलाफ काम करते हैं: किरेन रिजिजू

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा,’जॉर्ज सोरोस का मामला संसद में उठाया गया है. मैं विस्तृत जानकारी नहीं देना चाहता क्योंकि मैं संसदीय कार्य मंत्री हूं और सदन का सत्र चल रहा है. हम चाहते हैं कि सदन ठीक से चले. हालांकि, सार्वजनिक डोमेन में मौजूद रिपोर्ट से साफ पता चलता है कि गंभीर आरोप हैं. मैं किसी का नाम नहीं लेना चाहता, चाहे वह कोई भी पार्टी हो या कोई भी नेता, जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन से जुड़े कई लोग हैं जो भारत के खिलाफ काम करते हैं. हम सभी को देश के लिए काम करना चाहिए और उन ताकतों से लड़ना चाहिए जो हमारे देश के खिलाफ हैं. मेरी एकमात्र अपील है कि हम एकजुट रहें और भारत विरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ें.’

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *