श्रीगंगानगर में 48°C, बिहार में लू

Extreme heat wreaks havoc in the country: 48°C in Sri Ganganagar, death due to heat wave in Bihar, alert in MP-Haryana

दिल्ली। देशभर में गर्मी ने बुधवार को विकराल रूप ले लिया। राजस्थान का श्रीगंगानगर 48°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। यह इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक तापमान है। 13 जिलों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर भी बाड़मेर और जैसलमेर से ज्यादा गर्म रहा।

बिहार के शिवहर जिले में लू लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रवि राम के रूप में हुई है। राज्य के सभी जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट है और तापमान 1-2 डिग्री तक और बढ़ सकता है।

मध्य प्रदेश के 12 जिलों में आज लू चलने की चेतावनी है। ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग विशेष रूप से प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 14-15 जून तक मानसून की संभावना है, लेकिन तब तक गर्मी जारी रहेगी। दिल्ली में भी हालात गंभीर हैं। आया नगर में पारा 45°C दर्ज किया गया और रेड अलर्ट जारी है।

वहीं, हरियाणा के 9 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट है, जहां तापमान 44°C से ऊपर पहुंच गया। पंजाब, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और चंडीगढ़ सहित कई राज्यों में भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। दूसरी ओर, झारखंड के 20 जिलों में आज आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है।