स्पेन में भीषण रेल हादसा, आमने-सामने भिड़ीं दो तेज रफ्तार ट्रेनें, 21 की मौत और 100 से ज्यादा घायल

स्पेन के कोर्डोबा प्रांत में रविवार शाम अदमूज के पास दो हाई स्पीड ट्रेनों की टक्कर हो गई। हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

स्पेन। दक्षिणी स्पेन के कोर्डोबा प्रांत में रविवार शाम एक भीषण रेल हादसा हुआ। अदमूज कस्बे के पास दो हाई-स्पीड ट्रेनों की आमने-सामने की टक्कर में लगभग 21 लोगों की मौत हो गई। जबकि, इस दुर्घटना में 100 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों में 25 की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। हादसा इतना भयावह था कि एक ट्रेन पटरी से उतरकर गहरी खाई में जा गिरी।

यह दुर्घटना रविवार शाम स्थानीय समयानुसार करीब 6:40 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, निजी रेल ऑपरेटर इरियो की कोर्डोबा से मैड्रिड जा रही हाई-स्पीड ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई और बगल वाले ट्रैक पर पहुंच गई। उसी समय सामने से आ रही सरकारी ऑपरेटर रेन्फे की अल्विया ट्रेन उससे टकरा गई। टक्कर के वक्त रेन्फे की ट्रेन लगभग 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी।

यह भी पढ़ें:जबलपुर स्टेशन पर प्लेन उतारने वाला युवक गिरफ्तार, फॉलोअर बढ़ाने के लिए करता था AI का दुरूपयोग

हादसे के समय इरियो की ट्रेन में 300 से अधिक यात्री सवार थे। जबकि, मैड्रिड से हुएल्वा जा रही रेन्फे ट्रेन में करीब 100 यात्री मौजूद थे। टक्कर के बाद रेन्फे ट्रेन की पहली दो बोगियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मलबे में तब्दील हो गई। घटनास्थल पर चारों ओर मुड़ी हुई पटरियां, टूटे डिब्बे और बिखरा मलबा दिखाई दिया।

अदमूज के मेयर और दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कई यात्री बुरी तरह फंसे हुए थे जिन्हें निकालने के लिए दमकल कर्मियों और सेना को तैनात किया गया। रात का अंधेरा और ठंडा मौसम बचाव कार्य में बड़ी बाधा बना था क्योंकि तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। इस बीच यात्रियों ने आपातकालीन हथौड़ों की मदद से खिड़कियां तोड़कर अपनी जान बचाई। स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों और फंसे लोगों के लिए कंबल और भोजन की व्यवस्था की।

यह भी पढ़ें:जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में भीषण मुठभेड़, सेना के 8 जवान हुए घायल

हादसे को लेकर जांच तेज कर दी गई है। स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने इस दुर्घटना को बेहद अजीब बताया है। ऐसा इसलिए क्योंकि टक्कर सीधे ट्रैक पर हुई जहां आमतौर पर ऐसे हादसों की आशंका कम होती है। उन्होंने बताया कि जिस रेल खंड पर हादसा हुआ उसका नवीनीकरण हाल ही में किया गया था। फिलहाल दोनों ट्रेनों के ब्लैक बॉक्स और तकनीकी डेटा की गहन जांच की जा रही है।

एहतियात के तौर पर मैड्रिड और अंडालूसिया क्षेत्र के बीच सभी रेल सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने सोमवार के अपने सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए और मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।

यह भी पढ़ें:नर्मदापुरम में 1242 पेड़ों की अवैध कटाई पर NGT सख्त, वन अधिकारियों की लापरवाही पर लिया संज्ञान