
मेटा रे-बेन के बाद अब कई दूसरी कंपनियां भी ऐसे स्मार्ट ग्लासेस पेश कर रही हैं, जो दिखने में आम चश्मों जैसे ही लगते हैं. इससे बाजार में विकल्प बढ़ गए हैं, लेकिन सही स्मार्ट ग्लासेस चुनने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
सबसे पहले तय करें अपनी जरूरत
स्मार्ट ग्लासेस अलग-अलग टाइप में आते हैं. कुछ सिर्फ ऑडियो फीचर्स के साथ होते हैं, जिनसे आप म्यूजिक सुन सकते हैं और कॉल रिसीव कर सकते हैं. कुछ मॉडल कैमरा के साथ आते हैं, जो कंटेंट क्रिएटर्स के लिए फायदेमंद होते हैं. वहीं डिस्प्ले-बेस्ड स्मार्ट ग्लासेस मोबाइल के कई काम आसान बना सकते हैं. खरीदने से पहले यह तय करें कि आपको किस तरह के फीचर्स चाहिए.
डिजाइन और फिनिशिंग पर दें ध्यान
पहले स्मार्ट ग्लासेस भारी और बड़े फ्रेम वाले होते थे, लेकिन अब इनका डिजाइन काफी स्लीक हो गया है. आजकल ये सामान्य सनग्लासेस जैसे दिखते हैं. फिर भी खरीदते समय उनकी फिनिशिंग और लुक जरूर जांचें, ताकि वे रोजमर्रा के इस्तेमाल में अच्छे लगें.
वजन होना चाहिए हल्का
अगर आप स्मार्ट ग्लासेस को लंबे समय तक पहनना चाहते हैं तो उनका वजन बहुत अहम है. 50–55 ग्राम से ज्यादा वजन वाले ग्लासेस नाक और कानों पर दबाव डाल सकते हैं. इसलिए हल्के वजन वाले मॉडल बेहतर विकल्प होते हैं.
प्रिस्क्रिप्शन लेंस सपोर्ट
जिन लोगों को पहले से चश्मा लगा है, उन्हें यह देखना चाहिए कि स्मार्ट ग्लासेस में प्रिस्क्रिप्शन लेंस लग सकते हैं या नहीं. साथ ही यह भी जांच लें कि कंपनी खुद ऐसे लेंस उपलब्ध कराती है या नहीं, क्योंकि बाहर से लेंस फिट कराना महंगा पड़ सकता है.
बैटरी लाइफ भी है अहम
स्मार्ट ग्लासेस की बैटरी लाइफ अभी सीमित है. सभी फीचर्स इस्तेमाल करने पर कई मॉडल पूरे दिन नहीं चल पाते. इसलिए अपनी जरूरत के हिसाब से ऐसी बैटरी लाइफ वाला मॉडल चुनें, जो आपके इस्तेमाल को आराम से संभाल सके.
