हरेली तिहार पर मुख्यमंत्री निवास में होगा पारंपरिक उल्लास से भरा विशेष आयोजन

On Hareli Tihar, a special event full of traditional gaiety will be organized at the Chief Minister's residence

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक आत्मा और कृषि परंपरा से जुड़ा लोकपर्व हरेली तिहार आज मुख्यमंत्री निवास में पारंपरिक और उल्लासपूर्ण रूप से मनाया जाएगा। संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोकजीवन, परंपराएं और कृषि संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिलेगी।

कार्यक्रम स्थल को छत्तीसगढ़ी लोकशिल्प, तोरण और हरियाली से सजाया गया है, ताकि पारंपरिक वातावरण में पर्व की आत्मा को महसूस किया जा सके। आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय पारंपरिक कृषि यंत्रों और आधुनिक औजारों की पूजा करेंगे। इसके साथ ही कृषि यंत्रों की एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जो नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की कृषि परंपरा और तकनीकी विकास से जोड़ने का माध्यम बनेगी।

कार्यक्रम में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ जैसे गेड़ी नृत्य, राउत नाचा, सावन झूला और रामायण पाठ विशेष आकर्षण होंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की समृद्ध विरासत को उजागर किया जाएगा। बच्चों के लिए पारंपरिक खेलों और लोककला प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को हरेली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल हरियाली या खेती का उत्सव नहीं, बल्कि परंपरा, पर्यावरण और लोकजीवन के सहअस्तित्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि इस सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक जीवंत रूप में पहुंचाया जाए। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति को संरक्षित करने और जनसामान्य से जोड़ने की एक प्रेरक पहल है।