10 माह की आलिन बनीं सबसे कम उम्र की ऑर्गन डोनर, छह अंग दान

10-month-old Aalin became the youngest organ donor, giving new life to five people by donating six organs.

केरल। केरल में 10 महीने की मासूम आलिन शेरिन अब्राहम राज्य की सबसे कम उम्र की ऑर्गन डोनर बन गई हैं। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया। इसके बाद माता-पिता ने साहसिक निर्णय लेते हुए उनके छह अंग दान कर दिए, जिससे पांच लोगों को नई जिंदगी मिल सकी।

आलिन 5 फरवरी को कोट्टायम के पल्लम के पास एक सड़क दुर्घटना में घायल हुई थीं। उन्हें कोच्चि के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 13 फरवरी को डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित किया। परिवार की सहमति के बाद उनके अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया पूरी की गई।

इस मानवीय फैसले की व्यापक सराहना हो रही है। केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि माता-पिता का यह निर्णय निस्वार्थ सेवा और मानवता की मिसाल है। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना जताई और बच्ची की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि अपार पीड़ा के बीच लिया गया यह निर्णय कई परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बना है। उन्होंने अंग प्रत्यारोपण प्रक्रिया में सहयोग करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिस और अन्य टीमों की सराहना की।

राज्य सरकार ने आलिन को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने का निर्णय लिया है। यह कदम न केवल बच्ची की स्मृति को सम्मान देने के लिए है, बल्कि अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी है।