210 शवों की पहचान हुई, 187 परिजनों को सौंपे गए

Ahmedabad plane crash: 210 bodies identified, 187 handed over to families; Air India reduces international flights by 15%

गुजरात। अहमदाबाद प्लेन हादसे के बाद अब तक 210 मृतकों की DNA टेस्ट से पहचान हो चुकी है और 187 शव उनके परिजनों को सौंपे जा चुके हैं। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

इन शवों में 131 भारतीय, 30 ब्रिटिश, 4 पुर्तगाली, 1 कनाडाई नागरिक और 6 गैर-यात्री शामिल हैं। 71 घायलों में से 64 को छुट्टी, 7 अभी भी इलाजरत हैं। हादसे के बाद बी.जे. सिविल अस्पताल में भर्ती किए गए 71 मरीजों में से अधिकतर अब स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।

एयर इंडिया ने 15 प्रतिशत अंतरराष्ट्रीय उड़ानें घटाईं

हादसे के छह दिन बाद एयर इंडिया ने 20 जून से मिड-जुलाई तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 15 प्रतिशत की कटौती का फैसला लिया है। इसका उद्देश्य विमान बेड़े की सुरक्षा जांच और तकनीकी निरीक्षण सुनिश्चित करना है। यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानें या पूरा रिफंड दिया जाएगा।

टाटा ग्रुप की सहायता योजना

टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने मृतकों के परिवारों को ₹1 करोड़ की आर्थिक मदद और घायलों का पूर्ण उपचार खर्च वहन करने की घोषणा की है। साथ ही, बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल के पुनर्निर्माण में भी सहायता देने का वादा किया है।

हादसे का वीडियो वायरल

एक नया CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें छात्र-छात्राएं हॉस्टल की तीसरी-चौथी मंजिल से आग से बचने के लिए कूदते दिख रहे हैं। हादसे से हॉस्टल इमारतों में आग लग गई थी।