6 राज्यों में लू का अलर्ट, बारिश की कोई उम्मीद नहीं; श्रीगंगानगर सबसे गर्म

Heat wave alert in 6 states, no rain expected; Sri Ganganagar is the hottest

दिल्ली। देश के कई हिस्से इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं। सोमवार को राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 47.3°C रिकॉर्ड किया गया, जो देश का सबसे गर्म स्थान रहा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और ओडिशा के कई हिस्सों में लू का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर सहित पंजाब, हरियाणा, यूपी, एमपी में अगले दो दिन हीटवेव का असर बने रहने की संभावना है। राजस्थान के पश्चिमी जिलों जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, पाली, जालोर और सिरोही में रेड अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा के सिरसा में तापमान 46.4°C पहुंच गया। वहीं यूपी के आगरा और झांसी में पारा 45.9°C तक गया है। पंजाब के लुधियाना जिले में तापमान 46.1°C रिकॉर्ड हुआ।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर समेत 11 जिलों में आज लू का अलर्ट है। यहां नौतपा जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। हिमाचल के मैदानी इलाकों में भी पारा 40 डिग्री पार कर गया है, जहां 13 जून से बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वोत्तर राज्य असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ है, पर 1.63 लाख लोग अब भी प्रभावित हैं। राज्य में बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है। दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश में मानसून समय से पहले पहुंचा, लेकिन अब तक 59% कम बारिश हुई है। यहां सिर्फ कुछ जिलों में सामान्य वर्षा दर्ज की गई, जबकि बाकी हिस्सों में सूखा बना हुआ है।