
8वें केंद्रीय वेतन आयोग (8th Central Pay Commission) को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाएं अब धीरे-धीरे हकीकत में बदलती दिख रही हैं। सरकार ने आयोग की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च कर दी है और इसके साथ ही कर्मचारियों व अन्य संबंधित पक्षों से सीधे सुझाव लेने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
हर वेतन आयोग सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए बड़ा बदलाव लेकर आता है। इससे न केवल वेतन में बढ़ोतरी होती है, बल्कि पेंशन, भत्तों और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा पर भी गहरा असर पड़ता है। ऐसे में 8वें वेतन आयोग की यह पहल कर्मचारियों के लिए एक अहम पड़ाव मानी जा रही है।
8वें वेतन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट शुरू
8वें केंद्रीय वेतन आयोग ने अपनी नई आधिकारिक वेबसाइट [ () लॉन्च कर दी है। इस वेबसाइट का मकसद पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना और सभी स्टेकहोल्डर्स की भागीदारी सुनिश्चित करना है। यहां वेतन आयोग से जुड़ी ताज़ा सूचनाएं, नोटिफिकेशन, पुराने वेतन आयोगों की रिपोर्ट्स और जरूरी दस्तावेज़ एक ही जगह उपलब्ध कराए गए हैं।
MyGov पोर्टल पर ली जा रही कर्मचारियों की राय
आयोग ने सुझाव और राय लेने के लिए MyGov पोर्टल के साथ साझेदारी की है। इसके तहत 18 सवालों वाली एक संरचित प्रश्नावली जारी की गई है, जिसमें वेतन, पेंशन, भत्ते और अन्य नीतिगत मुद्दों पर कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की राय मांगी जा रही है।
आयोग ने साफ किया है कि सुझाव केवल MyGov पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ईमेल, कागज़ी या PDF फॉर्मेट में भेजे गए सुझाव मान्य नहीं होंगे। साथ ही, सुझाव देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
वेबसाइट पर क्या-क्या जानकारी मिलेगी?
8वें वेतन आयोग की वेबसाइट पर कर्मचारियों को सभी भरोसेमंद और आधिकारिक जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी। यहां आयोग से जुड़े सभी लेटेस्ट नोटिस, घोषणाएं और अपडेट नियमित रूप से साझा किए जाएंगे, जिससे अफवाहों पर निर्भरता कम होगी।
वेबसाइट पर यह भी बताया गया है कि आयोग किन मुद्दों पर सिफारिशें देगा—जैसे वेतन संरचना, फिटमेंट फैक्टर, पेंशन, भत्ते, इंक्रीमेंट सिस्टम और वरिष्ठ अधिकारियों का वेतन। इसके अलावा, सीधे MyGov पोर्टल की प्रश्नावली तक पहुंच का विकल्प भी दिया गया है।
18 सवालों वाली प्रश्नावली में क्या शामिल है?
प्रश्नावली में फिटमेंट फैक्टर, महंगाई की स्थिति, आर्थिक हालात, वेतन निर्धारण का आधार और इंक्रीमेंट की व्यवस्था जैसे अहम नीतिगत सवाल शामिल हैं। साथ ही वेबसाइट पर 6वें और 7वें वेतन आयोग की रिपोर्ट्स भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि कर्मचारी पहले हुए वेतन संशोधन को समझ सकें।
नोटिफिकेशन, गजट और FAQ सेक्शन
वेतन आयोग से जुड़े सभी सरकारी अधिसूचनाएं और गजट नोटिफिकेशन भी वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। आम कर्मचारियों के सवाल—जैसे बकाया कब मिलेगा, सिफारिशें कब आएंगी और लागू करने की प्रक्रिया क्या होगी—इनका जवाब FAQ सेक्शन में दिया जाएगा।
