भांठागांव (बी) खरीदी केंद्र में किसानों ने बेचा धान
रायपुर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राज्य में धान खरीदी महापर्व का शुभारंभ बालोद जिले के भांठागांव (बी) धान खरीदी केंद्र से किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को माला पहनाकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं। राज्य में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की यह प्रक्रिया 31 जनवरी 2025 तक जारी रहेगी।
कार्यक्रम में भांठागांव के किसान भागबली ने 148 क्विंटल और हरिराम ने 65 क्विंटल 20 किलो धान की बिक्री की। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में धान बेचने का अवसर मिलने पर दोनों किसान अत्यंत प्रसन्न दिखे। इस केंद्र में आज कुल 6 किसानों का टोकन काटा गया है।
मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही गुण्डरदेही विकासखंड के मोहंदीपाट में 30 लाख रुपये की लागत से बने जिला सेवा सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ महतारी, शहीद बिरसा मुंडा एवं गहिरा गुरु के तैल चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के लिए कुल 2,739 केंद्र स्थापित किए गए हैं। इस वर्ष राज्य में 27,01,109 पंजीकृत किसानों ने 34,51,729 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की फसल बोई है, जिसमें 1,35,891 नए किसान भी शामिल हैं। किसानों को बेचे गए धान का भुगतान 72 घंटे के भीतर उनके बैंक खातों में किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, विधायक कुंवर सिंह निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष मती सोनादेवी देशलहरा, पूर्व विधायक बीरेंद्र साहू और राजेंद्र राय, कंवर समाज के प्रदेश अध्यक्ष हरबंश मिरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि पवन साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवलाल ठाकुर और कंवर समाज के जिला अध्यक्ष केश कुमार ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, किसान और ग्रामीणजन उपस्थित थे।
