पीएम मोदी का नाइजीरिया पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को नाइजीरिया पहुंचे। अबुजा पहुंचने पर, नाइजीरिया के संघीय राजधानी क्षेत्र के मंत्री नेसोम एजेनवो विके ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें ‘शहर की चाबी’ भेंट की। यह चाबी मोदी के प्रति विश्वास और सम्मान का प्रतीक है। 

 

बता दें कि यह 17 सालों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का नाइजीरिया का पहला दौरा है। मोदी नाइजीरिया के राष्ट्रपति अहमद टीनुबू के निमंत्रण पर पश्चिम अफ्रीका के तीन देश नाइजीरिया, ब्राजील और गुयाना की पांच दिवसीय यात्रा पर निकले हैं। नाइजीरिया के बाद वह ब्राजील जाएंगे। ब्राजील में वे 18-19 नवंबर को जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जहां चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन भी शामिल होंगे। 

 

विदेश मंत्रालय ने पीएम के स्वागत की तस्वीरें साझा कीं

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक्स पर देर रात एक पोस्ट कर कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नाइजीरिया के अबुजा पहुंचे। संघीय राजधानी क्षेत्र के मंत्री नेसोम एजेनवो विके ने गर्मजोशी से स्वागत किया, जिन्होंने प्रधानमंत्री को अबुजा के ‘शहर की चाबी’ भेंट की। चाबी प्रधानमंत्री द्वारा नाइजीरिया के लोगों को दिए गए विश्वास और सम्मान का प्रतीक है।’ विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री के स्वागत की तस्वीरें भी साझा कीं।

 

टीनुबू के स्वागत संदेश का पीएम मोदी ने दिया जवाब

पीएम मोदी ने एक्स पर नाइजीरिया के राष्ट्रपति टीनुबू के स्वागत संदेश का जवाब दिया, जिसमें टीनुबू ने कहा था कि वे दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए चर्चा करेंगे। टीनुबू ने अपने पोस्ट में कहा, ‘हमारी द्विपक्षीय चर्चाओं में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी का विस्तार करने और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी, नाइजीरिया में आपका स्वागत है।’

 

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति टीनुबू को दिया धन्यवाद

एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल से नाइजीरियाई राष्ट्रपति की पोस्ट का जवाब देते हुए, पीएम मोदी ने उनके आगमन पर विमान से उतरते हुए और हवाई अड्डे पर एकत्र हुए गणमान्य व्यक्तियों और लोगों का अभिवादन करते हुए अपनी तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘धन्यवाद, राष्ट्रपति टीनुबू। कुछ देर पहले नाइजीरिया पहुंचे। गर्मजोशी से किए गए स्वागत के लिए आभारी हूं। यह यात्रा हमारे देशों के बीच द्विपक्षीय मित्रता को और गहरा करेगी।’

 

पीएम मोदी ने नाइजीरिया प्रस्थान करने के दौरान कहा कि उन्हें नाइजीरिया में भारतीय समुदाय और यहां के लोगों से मिलने का इंतजार है, जिन्होंने मुझे हिंदी में गर्मजोशी से स्वागत संदेश भेजे हैं।  उन्होंने यह भी कहा कि यह यात्रा हमारी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने का अवसर होगा, जो लोकतंत्र और बहुलवाद में साझा विश्वास पर आधारित है।

 

19 से 21 नवंबर तक गुयाना के दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी

अपनी यात्रा के तीसरे और अंतिम चरण में, पीएम मोदी राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली के निमंत्रण पर 19 से 21 नवंबर तक गुयाना का दौरा करेंगे। यह 50 से अधिक वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की गुयाना की पहली यात्रा होगी।

अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें

 

 

 

Like

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *