Amit Shah in Bastar:अमित शाह 19 मई को करेंगे बस्तर का दौरा, जगदलपुर में होगी 4 राज्यों के मुख्यमंत्रियों की अहम बैठक
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आगामी 19 मई को छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर आ रहे हैं। इस अहम दौरे के दौरान वे बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में एक उच्चस्तरीय अंतर-राज्यीय समन्वय बैठक (Inter-State Council meeting) की अध्यक्षता करेंगे। इस बड़े मंथन में छत्तीसगढ़ और सीमावर्ती 5 राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो सकते हैं।
नक्सल मुक्त बस्तर और सुरक्षा रणनीति पर फोकस उच्चस्तरीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अमित शाह की यह बस्तर बैठक मुख्य रूप से नक्सलवाद के खात्मे के बाद की सुरक्षा स्थिति और अंतर-राज्यीय विकास के महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित होगी। 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को पूरी तरह से नक्सल मुक्त करने के सरकार के लक्ष्य के बाद इस स्तर की यह पहली बड़ी और निर्णायक बैठक मानी जा रही है।
अमित शाह इस दौरे में न केवल सुरक्षा स्थिति का जायजा लेंगे, बल्कि बस्तर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जमीनी स्तर पर समीक्षा भी करेंगे। इसके साथ ही वे केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों के आला अधिकारियों के साथ मिलकर भविष्य की सुरक्षा रणनीति पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
ये मुख्यमंत्री हो सकते हैं शामिल जगदलपुर में होने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ-साथ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ मंत्रियों के शामिल होने की पूरी संभावना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आसपास के कुछ अन्य नक्सल प्रभावित और सीमावर्ती राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस समन्वय बैठक से जुड़ सकते हैं। नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास के नए रास्ते खोलने के लिए यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण साबित होने वाली है।:
