NEET 2026 Cancelled:रायपुर: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार के निर्देश मिलने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। NTA जल्द ही परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान करेगा। हालांकि, परीक्षा रद्द होने की घोषणा होते ही देशभर के लाखों छात्रों में भारी मायूसी छा गई है और कई राज्यों में छात्रों का विरोध प्रदर्शन भी शुरू हो चुका है।
दीपक बैज का केंद्र और राज्य सरकार पर प्रहार
NEET परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ में भी सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार (डबल इंजन सरकार) पर तीखा हमला बोला है।
दीपक बैज ने कहा, “देश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देने का काम कर रही है। यह पहली बार नहीं है जब कोई परीक्षा सवालों के घेरे में आई है। डबल इंजन की सरकार मिलकर देश के युवाओं के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ कर रही है।”
“पेपर लीक कराने वाले ही सत्ता में बैठे हैं”
पीसीसी चीफ ने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पहले जिन लोगों पर पेपर लीक कराने के आरोप लगते रहे हैं, आज वही लोग सत्ता के शीर्ष पर बैठकर राज कर रहे हैं। बैज ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां ही छात्रों का भविष्य खराब करने का काम कर रही हैं और पेपर लीक माफिया को उपकृत किया जा रहा है।
“छत्तीसगढ़ में 8वीं से लेकर PSC तक की परीक्षाएं सुरक्षित नहीं”
दीपक बैज ने राष्ट्रीय परीक्षाओं के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की परीक्षाओं की पारदर्शिता पर भी सवालिया निशान खड़े किए।
- उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आज 8वीं, 10वीं और 12वीं तक के पेपर सुरक्षित नहीं रह गए हैं।
- PSC परीक्षा और उसकी जांच प्रक्रिया पर निशाना साधते हुए बैज ने कहा कि जहां निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, वहां भी पूरी तरह से पारदर्शिता की कमी नजर आ रही है।
दीपक बैज ने इस पूरे मामले को देश का सबसे बड़ा घोटाला करार दिया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से युवाओं का सिस्टम और सरकार पर से भरोसा टूट चुका है। कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार से तत्काल जवाबदेही तय करने और पेपर लीक के असली दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है।
