नयी दिल्ली. देश भर में क्रिसमस समारोह हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गए हैं। वहीँ गोआ में बड़ी संख्या में पर्यटक इन समारोहों में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। कल रात सभी गिरिजाघरों में मिडनाइट मास का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर यातायात पुलिस अनूठे अंदाज में लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर रही है। यातायात पुलिस ने सांता क्लॉज पोशाक पहनकर लोगों को चॉकलेट बांटे और सड़क सुरक्षा नियम समझाए।
राज्य में संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम नववर्ष आगमन तक जारी रहेंगे।
उधर, महाराष्ट्र में भी मुम्बई और अन्य इलाकों में क्रिसमस की धूम है। सभी गिरिजाघरों में विभिन्न सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मेघालय में गिरिजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की जा रही हैं। जिसमें बड़ी संख्या में लोग भाग ले रहे हैं। राज्यपाल आर एन रवि और मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने इस अवसर पर राज्यवासियों को बधाई दी है।
नगालैंड में भी क्रिसमस का त्यौहार धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। लोग एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई दे रहे हैं।