दिल्ली। अमृतसर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर BSF ने शनिवार को एक संदिग्ध घुसपैठिए को गोली मारकर ढेर कर दिया। घटना थाना घरिंडा क्षेत्र के दाउके गांव के पास कंटीली तार के नजदीक हुई। BSF जवान इलाके में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सीमा के पास झाड़ियों में कुछ हलचल दिखाई दी।
जवानों ने सतर्कता बरतते हुए झाड़ियों में मौजूद संदिग्ध व्यक्ति को बाहर आने के लिए कहा। कुछ देर बाद वह बाहर आया और कंटीली तार की ओर बढ़ने लगा। जवानों ने उसे रुकने और आगे नहीं बढ़ने की चेतावनी दी। इसके बावजूद संदिग्ध ने तार पार करने की कोशिश की। स्थिति को देखते हुए BSF जवानों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद BSF ने इसकी सूचना थाना घरिंडा पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मृतक के पास से उसकी पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। तलाशी के दौरान उसके पास से तंबाकू का एक पैकेट मिला है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज
थाना घरिंडा पुलिस ने BSF की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस अब मृतक की पहचान और उसके सीमा क्षेत्र तक पहुंचने के कारणों की जांच कर रही है।
सीमा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी
घटना के बाद BSF ने आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। जवान झाड़ियों और सीमा से सटे क्षेत्रों की तलाशी ले रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदिग्ध के साथ कोई अन्य व्यक्ति तो मौजूद नहीं था या सीमा के आसपास किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हुई।
अधिकारियों के मुताबिक, मृतक की पहचान होने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह किस उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पहुंचा था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।
