नालंदा डकैती के 2 इनामी बदमाश कोरबा से गिरफ्तार: जीजा के घर में छिपे थे आरोपी, 45 लाख कैश और जेवर लूटकर हुए थे फरार

कोरबा। बिहार के नालंदा जिले में सवा करोड़ रुपये की सनसनीखेज डकैती को अंजाम देने के बाद फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को बिहार पुलिस ने छत्तीसगढ़ के कोरबा से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी निहारिका क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के घर छिपकर रह रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया और उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर बिहार ले गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार महतो (26) और धीरज कुमार महतो (25) के रूप में हुई है। दोनों पर नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र में हुई करोड़ों की डकैती में शामिल होने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी धीरज के जीजा के घर में छिपे हुए थे। हालांकि, परिजनों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि दोनों डकैती की वारदात में शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, तीन अगस्त की रात करीब 12 हथियारबंद बदमाशों ने देवीसराय निवासी खाद और बीज कारोबारी राजीव रंजन के घर धावा बोल दिया था। बदमाशों ने सबसे पहले घर में मौजूद बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाया और फिर परिवार के अन्य सदस्यों को अपने कब्जे में ले लिया।

डकैतों ने घर में रखे 45 लाख रुपये नकद, करीब 450 ग्राम सोने के जेवर और तीन किलो चांदी लूट ली थी। सोने के जेवरों की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपी कारोबारी की फर्म से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने साथ ले गए थे।

वारदात के बाद नालंदा पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान दोनों के कोरबा में होने की सूचना मिली। इसके बाद बिहार पुलिस की टीम कोरबा पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से सुभाष चौक के पास दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर डकैती में शामिल अन्य बदमाशों, लूटी गई रकम और जेवर के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले के अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।