मिठाइयों में मरे कॉकरोच-कीड़े, चाशनी में फफूंद; 4 दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड

रायपुर। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच राजधानी रायपुर में खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को चार प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन मिठाई दुकानों में मिठाइयों पर मरे हुए कॉकरोच, कीड़े और बाल मिले, जबकि चाशनी में फफूंद और मकड़ी के जाले पाए गए। गंदगी और अनियमितताओं के चलते चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर कम से कम तीन दिन दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान तेलीबांधा स्थित न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स और स्वीट हट एंड बेकरी में गंभीर खामियां मिलीं। न्यू जनता स्वीट्स में मिठाई बनाने की जगह गंदी थी। दीवारों का रंग उखड़ रहा था और फ्रीजर में पुरानी मिठाइयां भरी थीं। मां अंबे स्वीट्स में चाशनी पर जाले और मिठाइयों के बीच मरे कॉकरोच व कीड़े मिले। स्वीट हट एंड बेकरी के कोल्ड स्टोरेज में गंदगी के बीच रखी चमचम में कीड़े पाए गए।

150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट

पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा के किचन और बर्तन धोने की जगह पर भी गंदगी मिली। इडली बनाने की मशीनें खराब हालत में थीं और पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। टीम ने मौके पर करीब 150 किलो मिठाइयां और 10 किलो पनीर नष्ट कराया। ढाबे से लगभग 50 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया।

खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेना मिठाई समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 12 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट 14 दिन में आने की उम्मीद है। इसके आधार पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।

दूषित भोजन से बीमारियों का खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार, दूषित भोजन से फूड पॉइजनिंग, हैजा, टाइफाइड और हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों का खतरा रहता है। उल्टी, दस्त और पेट दर्द के साथ गंभीर मामलों में शरीर में पानी की कमी हो सकती है।

खाद्य पदार्थों में गंदगी या अनियमितता मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की हेल्पलाइन 9340597097 पर शिकायत की जा सकती है। लाइसेंस निलंबित दुकानों को कमियां दूर कर पालन प्रतिवेदन देना होगा। व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर निलंबन की अवधि बढ़ाई जा सकती है।