15 नवंबर तक पूरी करनी होगी फसलों की गिरदावरी, ग्रामसभा में मिलेगी जानकारी

मुख्य सचिव विकासशील ने की योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा; सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों की फसलों की गिरदावरी का काम 15 नवंबर से पहले पूरा करना होगा। मुख्य सचिव विकासशील ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गिरदावरी का काम पूरी पारदर्शिता से किया जाए और प्रत्येक गांव की ग्रामसभा में इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। यदि किसी किसान के खेत की गिरदावरी छूट जाती है तो वह ग्रामसभा में आवेदन देकर इसे पूरा करवा सकेगा।

बैठक में मुख्य सचिव ने सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। शिकायत के समाधान की जानकारी सुशासन एवं अभिसरण विभाग को भी अनिवार्य रूप से भेजी जाए।

अधूरे निर्माण कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश

लोक निर्माण विभाग को शासकीय भवनों, सड़कों और पुल-पुलियों के अधूरे काम तय समय-सीमा में पूरे करने को कहा गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को नल-जल योजनाओं और जल जीवन मिशन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आदिम जाति विकास तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को स्वीकृत निर्माण कार्य जल्द पूरे करने को कहा गया।

नगरीय प्रशासन और परिवहन विभाग को शहरों में आवागमन सुगम बनाने के लिए व्यवस्थित परिवहन कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में राज्योत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा हुई।

भर्ती प्रस्ताव जल्द भेजने को कहा

पारस पोर्टल के एजेंडे पर चर्चा के दौरान आधारभूत संरचना की परियोजनाओं, जल जीवन मिशन और अमृत 2.0 में बिना देरी प्रगति लाने को कहा गया। कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होने वाली भर्तियों को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों से रिक्त पदों की जरूरत और भर्ती प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।