शिवांगी दीवान के शोध से सुरक्षित होगा मातृत्व –

रायपुर।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की शोधार्थी शिवांगी दीवान ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक ऐसा महत्वपूर्ण शोध कर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है, जिसका सीधा लाभ भविष्य में आम परिवारों और गर्भवती महिलाओं को मिलेगा। उन्होंने एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मृदु साहू के मार्गदर्शन में “फिटल इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम सिग्नल एनालिसिस यूजिंग इंटेलिजेंट कंप्यूटिंग टेक्निक्स” विषय पर यह शोध पूरा किया है, जिससे गर्भस्थ शिशु की धड़कनों की जांच पहले से कहीं अधिक आसान, सुरक्षित और किफायती होगी।

बिना दर्द या सर्जरी के शिशु के स्वास्थ्य की जानकारी

अक्सर गर्भावस्था के दौरान मां की धड़कन और अन्य शारीरिक गतिविधियों के कारण गर्भस्थ शिशु की हृदय गति का स्पष्ट डेटा मिलना चुनौतीपूर्ण होता है। शिवांगी के इस शोध की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी भी तरह की इनवेसिव प्रक्रिया यानी चीरे व दर्द के बिना, केवल गर्भवती महिला के पेट पर लगे सामान्य इलेक्ट्रोड की मदद से शिशु की हृदय गतिविधियों का अध्ययन किया जा सकता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग की मदद से यह तकनीक शिशु के कमजोर संकेतों को स्पष्ट रूप से अलग कर लेती है, जिससे गर्भ में पल रहे बच्चे की सेहत की पल-पल की सही जानकारी मिल सकेगी।

खतरे की समय रहते पहचान और जोखिमपूर्ण गर्भावस्था में सुरक्षा

आम लोगों के लिए इस शोध का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे गर्भस्थ शिशु में होने वाली किसी भी हृदय संबंधी समस्या या अनियमित धड़कन की पहचान शुरुआती चरण में ही हो सकेगी। जोखिमपूर्ण गर्भावस्था यानी हाई रिस्क प्रेगनेंसी के मामलों में डॉक्टरों को समय रहते सटीक जानकारी मिलने से वे तुरंत सही इलाज शुरू कर पाएंगे। इससे प्रसव के दौरान होने वाली जटिलताओं और शिशु मृत्यु दर को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहना और पारिवारिक पृष्ठभूमि

तकनीक और चिकित्सा विज्ञान के इस अनूठे संगम को प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय वैज्ञानिक पत्रिकाओं में भी प्रकाशित किया गया है, जो सुरक्षित मातृत्व की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो सकता है। डॉ. शिवांगी दीवान, डॉ. पतंजलि दीवान एवं डॉ. रश्मि दीवान की सुपुत्री हैं।