जनसंपर्क संचालनालय में मनाया गया संविधान दिवस: अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया उद्देशिका का सामूहिक वाचन

संविधान के लोकतांत्रिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों को याद करने का लिया संकल्प; 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने किया था अंगीकार

रायपुर। जनसंपर्क संचालनालय में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संयुक्त संचालक जनसंपर्क ने अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया।

उन्होंने कहा कि हर साल 26 नवंबर को मनाया जाने वाला संविधान दिवस देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि विविधताओं से भरे देश को एकता के सूत्र में बांधने वाला जीवंत मार्गदर्शक है। संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है और यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता तथा न्याय का अधिकार देता है।

संविधान सभा ने 1949 में किया था अंगीकार

संयुक्त संचालक ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को इसे पूरे देश में लागू किया गया। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।

न्याय, स्वतंत्रता और समानता का संदेश

कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का वाचन किया। इसमें भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के संकल्प को दोहराया गया।

साथ ही सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

सामूहिक वाचन के दौरान व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए बंधुता बढ़ाने के संकल्प को भी दोहराया गया। कार्यक्रम में जनसंपर्क संचालनालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।