हरियाणा में रोहतक के सांपला में बुजुर्ग को कार ने टक्कर मार दी। हादसा उस समय हुआ जब वह सड़क पार कर रहा था। उसे गंभीर हालात में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सांपला के वार्ड नंबर 10 निवासी कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने दिल्ली रोड पर ढाबा बना रखा है। उनके ढाबे के सामने सड़क से दूसरी साइड उसके चाचा का भी ढाबा है। शनिवार शाम को करीब 4 बजे वह अपने पिता राजबीर के साथ अपने चाचा के ढाबे पर गया हुआ था।
कार ने मारी टक्कर
उसने बताया कि चाचा के पास से वह अपने पिता के साथ वापस अपने ढाबे पर आ रहे थे। ढाबे पर जाने के लिए जब उसके पिता राजबीर सिंह सड़क पार कर रहे थे तो दिल्ली की तरफ से एक तेज रफ्तार कार आई। जिसने सीधी उसके पिता को टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगने के कारण राजबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
उन्होंने राजबीर सिंह को संभाला और वहां पर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। वे अपने पिता को उपचार के लिए रोहतक PGI में लेकर आए, जहां पर डॉक्टरों ने जांच के दौरान राजबीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।