छत्तीसगढ़: आज धान खरीदी का आखरी दिन
रायपुर. खाद्य सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने धान खरीदी के अंतिम दिन 20 फरवरी को तैयारियों के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर जिला कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि धान खरीदी के अंतिम दिन जारी होने वाले टोकनों से धान खरीदी के लिए आवश्यक बारदानों की व्यवस्था जिलों में उपलब्ध बारदानों के आंतरिक परिवहन के माध्यम से की जाए। धान खरीदी के अंतिम दिवस सभी वास्तविक कृषकों से धान खरीदी सुनिश्चित किए जाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए भी कलेक्टरों को निर्देशित किया गया।
मार्कफेड द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य में 15 हजार 552 गठान नए बारदाने और 27 हजार 708 गठान पुराने बारदाने उपलब्ध हैं। धान खरीदी के अंतिम दिवस लगभग दो लाख टन की धान खरीदी के लिए टोकन किसानों को जारी किए गए हैं। खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत के निर्देशानुसार 3 गठान नए बारदाने कोण्डागांव जिले को, 50 गठान नए बारदाने बीजापुर जिले को, 5 गठान नए बारदाने दंतेवाड़ा जिले को और 10 गठान नए बारदाने कांकेर जिले को 18 फरवरी को उपलब्ध कराए गए हैं।