रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इन सीटों पर 16 मार्च को मतदान होगा। यह चुनाव राज्यसभा सदस्य फूलो देवी नेताम और के.टी.एस. तुलसी का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त होने के कारण रिक्त हो रही सीटों पर कराया जा रहा है।
- अधिसूचना जारी होने की तिथि: 26 फरवरी 2026
- नामांकन की अंतिम तिथि: 5 मार्च 2026 (दोपहर 3 बजे तक)
- नामांकन पत्रों की जांच (संवीक्षा): 6 मार्च 2026
- नाम वापसी की आखिरी तारीख: 9 मार्च 2026
- मतदान की तिथि: 16 मार्च 2026 (सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक)
- मतगणना और परिणाम: 16 मार्च 2026 (शाम 5 बजे से)
छत्तीसगढ़ विधानसभा में वर्तमान संख्या बल के आधार पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास 54 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पास 1 विधायक है। सीटों के गणित को देखते हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच रणनीतिक खींचतान तेज होने की संभावना है। मतदान प्रक्रिया छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में संपन्न होगी।
अधिसूचना जारी होने के साथ ही प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ जाएगी। दोनों ही दल अपने उम्मीदवारों के चयन के लिए दिल्ली दरबार और स्थानीय स्तर पर मंथन शुरू कर चुके हैं।
