इंटरनेट डेस्क। केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। यहां एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर गंगासागर मेले को राष्ट्रीय मेले का दर्जा दिया जाएगा। अमित शाह ने गुरुवार को दक्षिण 24 परगना जिले के नामखाना में पांचवीं परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने गंगासागर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की भी बात कही। शाह ने इस दिन गंगासागर तट का मुआयना किया और कपिल मुनि मंदिर में पूजा-अर्चना की। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी केंद्र पर गंगासागर मेले की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए वर्षों से इसे राष्ट्रीय मेले का दर्जा देने की मांग करती आ रही हैं। अब शाह ने खुद ही यह आश्वासन दे दिया है।

उन्होंने जिले के लाखों मछुआरों को लुभाते हुए उनके लिए अलग मंत्रालय गठित करने का भी भरोसा दिया। साथ ही साल में उन्हें छह हजार रुपये दिए जाने की भी बात कही। शाह ने कहा कि बंगाल के चार लाख मछुआरों को यह सुविधा मिलेगी।