एंटरटेनमेंट डेस्क। अभिनेत्री प्रियंंका चोपड़ा ओप्रा विनफ्रे के शो में एक बयान से सुर्खियों में हैं। निक जोनस से शादी के बाद से ही प्रियंका चोपड़ा लगातार अपने निजी जिंदगी, परवरिश और करियर को लेकर खबरों में छाई रहती हैं। इस बार भी प्रियंका चोपड़ा ने विदेश में रहकर भारत में अपनी शुरुआत को धर्म से जोड़ दिया है।
ओप्रा विनफ्रे से बातचीत का एक वीडियो सामने आया है, जहां पर उन्होंने धार्मिक विचारों और धर्मनिरपेक्षता पर खुलकर बात की है। प्रियंका चोपड़ा ने ओपरा के एक सवाल के जवाब में कहा कि मुझे लगता है मेरा आध्यात्मिक आधार रहा है। भारत में ऐसा कम ही देखा जाता है कि किसी के पास आध्यात्मिक आधार न हो। प्रियंका ने इसके बाद ये बताया है कि कैसे वह कई धर्म से एक साथ शुरू से ही जुड़ी रही हैं।

ओपरा विनफ्रे को दिए गए इंटरव्यू में प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि उनकी परवरिश एक धर्मनिरपेक्ष माहौल में हुई है। उनकी जिंदगी पर शुरू से ही हिंदू, मुस्लिम और ईसाई धर्म का प्रभाव रहा है। सामने आए प्रोमो में ओपरा ने प्रियंका से भारत में आध्यात्मिक ऊर्जा के बारे में सवाल किया। प्रियंका इस पर कहती हैं कि मुझे लगता है कि भारत में ये उतना कठिन नहीं है। आप ठीक हैं। हमारे देश में अलग-अलग कई धर्म है। वह आगे कहती हैं कि मैं एक कॅान्वेंट स्कूल में पली बढ़ी हूं। मैं ईसाई धर्म से वाकिफ थी। मेरे पिता एक मस्जिद में गाते थे। मुझे इस्लाम के बारे में पता है। मैं एक हिंदू परिवार में पली बढ़ी हूं।