मुंबई। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि सोमवार से महाराष्ट्र में मंदिरों सहित सभी धार्मिक स्थलों को खोलने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों पर मास्क का उपयोग और दो गज की दूरी का पालन करने अपील की है।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि जनता के संयम और सहयोग से राज्य सरकार ने कोरोना मरीजों की संख्या कम करने में कामयाबी हासिल की है। धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर आ रहा है। इससे पहले सभी धर्म के लोगों ने अपना त्योहार अपने घर में ही रहकर मनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भगवान की ही इच्छा है कि मंदिर सहित सभी धार्मिक स्थल सोमवार से खुल जाएंगे।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना संक्रमण के मद्देनजर नियमावली बनाई है। उसका सभी को पालन करना होगा। मंदिरों में भीड़ न हो। मास्क का प्रयोग किया जाए। दो गज दूरी का ख्याल रखा जाए। हाथों को सेनेटाइज करते रहें।