धान खरीदी के दावों को भाजपा ने कोरा झूठ करार दिया
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पूनम चन्द्राकर ने धान खरीदी के मुद्दे पर प्रदेश सरकार के दावों को एक बार फिर कोरा झूठ करार दिया है। श्री चन्द्राकर ने कहा कि बेमेतरा के संबलपुर धान खरीदी केन्द्र में अब भी अनेक टोकन प्राप्त किसान अपना धान नहीं बेच पाए हैं और अधिकारियों के रवैये से नाराज किसानों ने एसडीएम व समिति प्रबंधक को बंधक बनाकर प्रदेश सरकार के दावों को झूठा साबित कर दिया है।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि धान खरीदी के मुद्दे पर प्रदेश सरकार शुरू से ही अपनी नाकामी का परिचय देती आ रही है। प्रदेश के किसानों का पूरा धान खरीदने से बचने के हर दांव-पेंच कांग्रेस की प्रदेश सरकार ने पूरी आजमाए और अब जबकि प्रदेश सरकार ने 20 फरवरी के बाद टोकनधारी किसानों का धान खरीदने का एलान किया तब उसके बावजूद अब तक वे किसान अपना धान नहीं बेच पाए हैं और अमूमन पूरे प्रदेश में यही हालात हैं। श्री चन्द्राकर ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से झूठे दावों के दम पर अपनी वाहवाही करने से बाज आए। यह अत्यंत शर्मनाक है कि किसानों को सरकार के वादे के बाद भी अपना धान बेचने के लिए आंदोलन करना पड़े और अफसरों को बंधक बनाना पड़े।
भाजपा किसाना मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री चन्द्राकर ने कहा कि किसानों के साथ नित-नए धोखे करके प्रदेश सरकार किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होगी। प्रदेश सरकार चाहे जितने दांव-पेंच आजमा ले, भाजपा प्रदेश के अन्नदाता किसानों को न्याय दिलाने की अपनी प्रतिबध्दता पर कायम रहेगी।