Rahul Gandhi released booklet on agricultural laws| national News in Hindi
इंटरनेट डेस्क। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज एक बार फिर से कृषि कानूनों को लेकर केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कृषि कानूनों पर ‘खेती का खून तीन काले कानून’ नाम से एक बुकलेट जारी करने के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए केन्द्र सरकार पर निशाना साधा है।
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि हर उद्योग में चार-पांच लोगों का एकाधिकार बढ़ता जा रहा है, यानी इस देश के चार-पांच नए मालिक हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी चार-पांच लोगों के हाथों में खेती का पूरा ढांचा दे रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि केन्द्र सरकार किसानों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। सरकार की किसानों के साथ 9 बार बात हो चुकी है। गौरतलब है कि कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर किसानों द्वारा लम्बे समय से दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन किया जा रहा है।