रायपुर पुलिस की सख़्त एडवाइज़री: होली पर ज़बरदस्ती रंग डाला तो दर्ज होगी FIR
रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था और हुड़दंगियों पर लगाम
Raipur Holi 2026: रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने होली पर्व के मद्देनज़र सख़्त निर्देश जारी किए हैं। इसके मुताबिक़ किसी भी स्त्री, पुरुष, बच्चे या बुज़ुर्ग की मर्ज़ी के ख़िलाफ़ रंग लगाना या पानी डालना अब अपराध माना जाएगा। ऐसा करने वालों पर सीधे एफ़आईआर (FIR) दर्ज की जाएगी।
होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी रायपुर में पुलिस ने फ़्लैग मार्च किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क़ानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर सख़्त वैधानिक कार्रवाई होगी। इसके साथ ही बाज़ारों में मुखौटों की बिक्री पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
Raipur Holi 2026: सुरक्षा और पेट्रोलिंग का मास्टर प्लान
संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन के ज़रिए निगरानी की जा रही है। पुलिस ने सुरक्षा के निम्नलिखित ख़ास इंतज़ाम किए हैं:
- 105 बाइक पेट्रोलिंग दल तैनात किए गए हैं।
- 73 थाना पेट्रोलिंग वाहन लगातार निगरानी करेंगे।
- 15 एंटी पार्टी दल विशेष रूप से हुड़दंगियों पर नज़र रखेंगे।
- शहर के 40 फ़िक्स चेकिंग पॉइंट पर लगातार चेकिंग अभियान चलेगा।
- तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने और स्टंट करने वालों पर तुरंत एक्शन होगा।
ग्रामीण इलाक़ों में 22 हुड़दंगी गिरफ़्तार
Raipur Holi 2026: राजधानी के ग्रामीण इलाक़ों में भी शांति भंग करने वालों पर शिकंजा कसा गया है। खरोरा, आरंग, माना कैंप और राखी थाना क्षेत्रों में असामाजिक गतिविधियों में शामिल 22 लोगों के ख़िलाफ़ बीएनएसएस की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इन सभी आरोपियों को गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने साफ़ किया है कि अवैध शराब बिक्री और मारपीट करने वालों को बख़्शा नहीं जाएगा।
