भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले बहुप्रतीक्षित ‘T20 World Cup Final’ को लेकर पूरे देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी क्रिकेट का भारी खुमार देखने को मिल रहा है। टीम इंडिया के अजेय सफर के बाद अब करोड़ों फैंस को पूरी उम्मीद है कि भारत एक बार फिर विश्व विजेता बनेगा। इसी कड़ी में, रविवार को खिताबी मुकाबले से ठीक पहले छत्तीसगढ़ के रायपुर और राजनांदगांव में टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष पूजा-अर्चना और हवन का दौर शुरू हो गया है।
T20 World Cup Final: रायपुर में गूंजे जीत के मंत्र
राजधानी रायपुर के क्रिकेट फैंस अपनी टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए पूरी तरह से ईश्वर की शरण में पहुंच गए हैं। ‘T20 World Cup Final’ में भारत की खिताबी जीत सुनिश्चित करने के लिए शहर के प्रतिष्ठित श्री सुरेश्वर महादेव पीठ में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशाल हवन-यज्ञ किया जा रहा है। इसके अलावा, मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की कामना के साथ माता बगलामुखी का भी विशेष जाप किया जा रहा है।
राजनांदगांव में महिलाओं ने किया विशेष हवन
राजनांदगांव जिले में भी क्रिकेट का गजब का उत्साह और भक्ति का संगम देखा जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के विशेष अवसर पर बड़ी संख्या में महिला क्रिकेट प्रेमियों ने स्थानीय शनि धाम मंदिर पहुंचकर टीम इंडिया के लिए विशेष हवन किया। महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से प्रार्थना की कि टीम इंडिया बिना किसी बाधा के यह विश्व कप अपने नाम करे।
विश्व विजेता बनने की दहलीज पर टीम इंडिया
आपको बता दें कि भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में मजबूत इंग्लैंड को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी मैच से पहले स्पष्ट किया है कि घरेलू मैदान पर फाइनल खेलने का दबाव जरूर होगा, लेकिन टीम का उत्साह अपने चरम पर है। अब पूरे प्रदेश और देशवासियों की निगाहें आज शाम होने वाले इस ऐतिहासिक महामुकाबले पर टिकी हुई हैं।
