नई दिल्ली। अमेरिका में इस बार के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने सबको चौंकाते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। उन्होंने 277 इलेक्टोरल वोट हासिल कर कमला हैरिस को पीछे छोड़ दिया, जो केवल 214 वोटों पर अटक गईं। चुनाव में जीत का जश्न मनाते हुए ट्रंप अपने परिवार के साथ मंच पर पहुंचे और समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में कहा, “यह अमेरिका का स्वर्णकाल है, और मैं आपके लिए अंतिम सांस तक काम करूंगा।”
स्विंग स्टेट्स का महत्व
अमेरिकी चुनाव प्रणाली में स्विंग स्टेट्स का खास महत्व है। इस बार के चुनाव में 7 स्विंग स्टेट्स थे, जिनमें ट्रंप ने बढ़त बना ली है। इन राज्यों में कुल 93 सीटें हैं, जो चुनाव का रुख तय करती हैं। नॉर्थ कैरोलिना, जॉर्जिया और पेंसलवेनिया जैसे बड़े स्विंग स्टेट्स में ट्रंप की जीत हुई है, जबकि अलास्का में भी बढ़त बरकरार है। ट्रंप ने दावा किया कि उनकी पार्टी 315 सीटों के पार जा सकती है।
अमेरिकी चुनाव की प्रक्रिया
अमेरिका में राष्ट्रपति बनने के लिए 538 इलेक्टोरल सीटों में से 270 सीटों का बहुमत जरूरी होता है। इस बार का चुनाव अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के लिए हुआ। रिपब्लिकन पार्टी ने डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति पद के लिए जेडी वेंस को मैदान में उतारा, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से कमला हैरिस के साथ टिम वॉल्ज़ उपराष्ट्रपति उम्मीदवार थे।
