अडानी मुद्दे पर संसद के दोनों सदन बाधित

  • विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिये स्थगित
  • राहुल  गांधी बोले गिरफ्तारी हो

नई दिल्ली। अडानी रिश्वत मामले को लेकर लोकसभा और राज्यसभा में बुधवार को विपक्ष के हंगामे के चलते कामकाज प्रभावित रहा। इसी बीच लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि उद्योगपति गौतम अडानी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। संसद प्रांगण में पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि इस देश में मामूली से आरोपों पर लोगों को गिरफ्तार किया जाता है जबकि उद्योगपति गौतम अडानी पर अमेरिका में रिश्वत देने के गंभीर आरोप लगे हैं। हमारी मांग है कि उन्हें गिरफ्तार किया जाए। लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के चलते कामकाज प्रभावित रहा। लोकसभा में कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद हंगामा के चलते इसे 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

वहीं, दूसरी और राज्यसभा में कार्यवाही पहले 11:30 बजे और बाद में दिनभर तक के लिए स्थगित कर दी गई।  दोपहर 12 बजे सदन के पुन: समवेत होते ही समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी सदस्य संभल में हुई हिंसा के विरोध में शोरशराबा और नारेबाजी करने लगे। सपा सदस्य शोरगुल करते हुये सदन के बीचोबीच आ गये और संभल के हत्यारों को फांसी दो, फांसी दो नारे लगाने लगे। कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदपवार) और तृणमूल कांग्रेस के सदस्य भी इस दौरान अपने-अपने स्थानों पर खड़े होकर सपा सदस्यों की नारेबाजी का साथ दे रहे थे। इस बीच, पीठासीन अधिकारी दिलीप सैकिया ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाये।  सैकिया ने शोर शराबा कर रहे विपक्षी सदस्यों से अपने-अपने स्थान पर जाने और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देने का बार-बार आग्रह किया लेकिन विपक्षी सदस्यों पर इसका कोई असर नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को उनकी बात कहने का मौका दिया जायेगा, वे अपने-अपने स्थान पर जायें और सदन की कार्यवाही चलने दें। सदन का समय बहुत कीमती है और सारा देश इसे देख रहा है। हंगामा जारी रहने पर श्री सैकिया ने सदन की कार्यवाही गुरुवार पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिये स्थगित कर दी। इससे पहले आज पूर्वाह्न 11 बजे  अडानी मामले में बहस कराने की मांग को लेकर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा में आज प्रश्नकाल नहीं चल पाया और सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गयी।

अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्वाह्न 11 बजे जैसे ही प्रश्नकाल शुरू करने की घोषणा की और भारतीय जनता पार्टी के अरुण गोविल को प्रश्न पूछने के लिये पुकारा। इसी बीच विपक्षी सदस्य सदन के बीचोबीच जमा हो कर अडानी मामले में तुरंत चर्चा की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। शोरगुल के बीच रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर दिया, लेकिन शोरशराबा बढ़ गया। अध्यक्ष ने विपक्षी सदस्यों से अपील की कि वे प्रश्नकाल चलने दें। इसके बाद उनके मुद्दे पर विचार किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि विपक्ष नियोजित तरीके से सदन को चलने नहीं देना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी। राज्यसभा में बुधवार को विपक्षी सदस्यों ने दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति, और उत्तर प्रदेश के संभल और मणिपुर में हिंसा तथा अडानी समूह की कथित अनियमितताओं की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति गठित करने की मांग को लेकर शोर शराबा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई और शून्यकाल बाधित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *